नई दिल्ली : इन दिनों
पाक के साथ भारत का सीमा पर तनाव बढ़ता जा
रहा है। जिसके चलते रक्षा मंत्रालय ने आज 80 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक के सैन्य
साजो-सामान खरीदने की मंजूरी दे दी। इसमें सेना के लिए 464 टैंक और वायुसेना के
लिए 83 तेजस लड़ाकू विमान शामिल हैं। इस लेकर आज रक्षा मंत्रालय की उच्च-स्तरीय
रक्षा खरीद परिषद की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने
की जिसमें तीनों सेनाओं के प्रमुख मौजूद थे।
जानकारी के मुताबिक, इनमें थलसेना के लिए 464 टी-90 टैंक खरीदे जाएंगी। ये टैंक ऑर्डिनेंस
फैक्ट्री बोर्ड (ओएफबी) से 13,448 करोड़ रूपये मे खरीदे जाएंगे। इसके अलावा थलसेना
के लिए 1100 करोड़ रूपये कीमत के 598 मिनी यूएवी खरीदने के लिए हरी झंडी दी गई। तो
वहीं थलसेना के लिए ही 14,633 करोड़ रूपये के 6 अतिरिक्त पिनाका मिसाइल की
रेजीमेंट को मंजूरी दी गई है।
खरीद परिषद ने
वायुसेना के लिए 83 तेजस लड़ाकू विमानों के खरीदने के लिए मंजूरी दी। एचएएल से ये
विमान आईडीडीएम यानि इंडियन डिजाइन डेवलेपड एडं मैन्युफेक्चर कैटेगरी के तहत 50
हजार करोड़ रूपये में खरीदे जाएंगे। इसके अलावा वायुसेना के लिए 10 लाइट कॉम्बेट हेलिकॉप्टर
और थलसेना के लिए 05 हेलीकाप्टर को भी मंजूरी दी गई है।
आपको बता दें कि
भारतीय सेना की पीओके में सर्जिकल-स्ट्राइक के बाद से पाकिस्तान ने सरहद पर भारत
के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। पाकिस्तान की तरफ से लगातार युद्धविराम का उल्लंघन हो
रहा है। भारतीय सेना भी पाकिस्तानी गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रही है और अबतक
पाकिस्तान की 20 से भी ज्यादा पोस्ट तबाह कर चुकी है।



















